गैरभाजपा सरकारों पर भारी हैं योगी सरकार के चार साल
प्रेसवार्ता में बोले, जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट विहारी वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पूर्व की गैरभाजपा सरकारों के कार्यकाल पर प्रदेश की योगी सरकार के चार साल भारी हैं। पूर्वांचल के इस अति पिछड़े कुशीनगर जिले में बेहतरीन कार्य हुए। सरकार का चार साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा।
यह कहना है जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट विहारी वर्मा का। प्रदेश में भाजपा सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर वे कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से मुखातिब थे। जिला योजना की बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कुशीनगर जनपद के लिए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना की गई। जिससे विदेशों से सीधे क्षेत्र जुड़ेगा और पर्यटन के द्वार खुलेंगे। पूरे उत्तर प्रदेश में 13,189 नई सड़कों (कुल 13613 किलोमीटर लंबी) का निर्माण कर सड़क निर्माण में सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए। 1.35 लाख पुराने सरकारी जर्जर स्कूलों का कायाकल्प किया गया। उनके प्राथमिकता के आधार पर शौचालय, पानी, बिजली की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूरे देश में उत्तर प्रदेश नंबर वन है। यहां 40 लाख से अधिक शहरी व ग्रामीण आवास उपलब्ध कराए गए। कुशीनगर में ग्रामीण आवास के मद में 10833 व शहरी आवास में 21966 आवास उपलब्ध कराए गए हैं। पूरे प्रदेश में कुष्ठ रोगी, बाढ़ पीड़ित व अन्य आपदाओं से पीड़ित व्यक्तियों के लिए 72302 आवास उपलब्ध कराए गए। इसी प्रकार शौचालय उपलब्ध कराने के क्रम में कुशीनगर जनपद को तीन लाख 41 हजार 241 शौचालय उपलब्ध कराए गए। सामुदायिक शौचालय से 872 ग्राम पंचायतों को लाभांवित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जो बनगांव या बनटांगिया से जुड़े लोगों को भी सरकारी सुविधाएं मुहैया कराई। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर गोरखपुर, बहराइच, सोनभद्र व झांसी के बनटांगिया समाज से जुड़े लोगों का निर्वाचन के साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, शौचालय, आवास आदि सरकारी सुविधाएं मुहैया कराई गई। इसी प्रकार 1.45 करोड़ परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 1.38 करोड़ उपभोक्ताओं को निशुल्क बिजली की सुविधा मुहैया कराई गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 1.18 करोड़ लोगों को लाभांवित किया गया, तो प्रधानमंत्री जनधन योजना में भी लोगों को लाभ पहुंचाया गया। कोरोना महामारी में नि:शुल्क टीकाकरण की सुविधा मुहैया कराई गई। सरकार द्वारा वर्ष 2022 तक सभी घरों तक टोटी से पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।