गोरखपुर। शहरवासी अपने घर और दुकान के गीले कचरे या किचेन वेस्ट, जिसमें लहसुन और प्याज के अतिरिक्त अन्य सब्जियों और फलों के छिलके से ऑर्गेनिक कंपोस्ट (खाद) तैयार कर बागवानी में प्रयोग कर सकते हैं। इससे लोगों के घरों का गीला कचरा खुद ही खत्म हो जाएगा। ये अपील नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहरवासियों से की।
कहा, स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के तहत नागरिकों को अपना कचरा, अपनी जिम्मेदारी के आधार पर नगर निगम की टीम को लेकर सफाई में सहयोग करें। लेकिन, एक तरीका ये भी है कि वो अपने घरों में ही तैयार होने वाले कूड़े से कंपोस्ट बनाकर उसका प्रयोग घर की बागबानी में कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बेतियाहाता की शीला पांडेय के बारे में जानकारी दी।
कहा, वो खुद वर्षों सें होम कंपोस्टिंग कर रही हैं और अपने आस-पास के घरों से संपर्क कर उन्हें भी प्रेरित करते करते हुए कंपोस्टिंग करवा रही हैं। जिससे जैविक खाद का उत्पादन कर, पार्कों एवं लोगो के किचेन गार्डेन में प्रयोग किया जा रहा। इसी वजह से शीला पांडेय को नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इनके इन्हीं प्रयासों से पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित भी किया था।