गोरखपुर। शास्त्री चौक पर मल्टी कॉम्प्लेक्स और मिनी ऑडिटोरियम के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनने वाले भवन के लिए सभी दुकानें खाली करा ली गई हैं। नगर निगम की ओर से जल्द ही दुकानों को तोड़ने का काम शुरू कराया जाएगा। 34 करोड़ 77 लाख 33 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के लिए बेसमेंट की खुदाई पहले ही शुरू हो चुकी है। अब दुकानों को हटाने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, दुकानदारों को कारोबार प्रभावित होने से चिंता सता रही है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान करीब दो साल तक कारोबार प्रभावित होगा। करीब चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में बेसमेंट के अलावा भूतल, प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल होंगे। बेसमेंट में 20 चार पहिया और 25 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि परियोजना को 13 जनवरी को स्वीकृति मिली थी। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की यूनिट-14 ने चयनित फर्म के साथ 11 मई को अनुबंध किया था। परियोजना की पहली किस्त के रूप में 12 करोड़ 17 लाख छह हजार रुपये जारी हो चुके हैं। दुकानों को खाली कराने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था। अब जल्द ही दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।