गोरखपुर। यूपी बोर्ड की 2024 की 10वीं और 12वीं की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू होगी। बुधवार शाम तक परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में जिले में इस बार 206 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं के 74,942 व 12वीं के 62,750 समेत कुल एक लाख 37 हजार 692 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बाेर्ड की समय सारिणी के अनुसार, दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर सुबह और शाम की पालियों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा में ड्यूटी के दौरान कक्ष निरीक्षक व कर्मचारी मोबाइल फोन नहीं रख सकेंगे। यदि फिर भी कोई कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन लेकर आता है तो उसे परीक्षा केंद्र के द्वार पर स्थित कक्ष में जमा कराना होगा। परीक्षा के बाद उसे मोबाइल फोन वापस कर दिया जाएगा।
24 घंटे कार्य करेगा कंट्रोल रूम: बोर्ड परीक्षा 2024 के संचालन के लिए बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 10वीं और 12वीं की परीक्षा समाप्त होने की तिथि तक कार्य करेगा। कंट्रोल रूम पूरी परीक्षा अवधि के दौरान तीन पालियों में संचालित होगा।
ये संभालेंगे परीक्षा की कमान
स्टेटिक मजिस्ट्रेट: 205
केंद्र व्यवस्थापक: 206
वाह्य केंद्र व्यवस्थापक: 206
सेक्टर मजिस्ट्रेट: 35
सुपर जोनल मजिस्ट्रेट: 03
जोनल मजिस्ट्रेट: 19
कक्ष निरीक्षक: 8,566
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं
10वीं
बालक- 38,149
बालिका- 36,793
कुल संख्या- 74,942
12वीं
बालक- 33,346
बालिक- 29,404
कुल संख्या- 62,750
कुल परीक्षार्थी: 13,7,692
बोर्ड परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नकलविहीन परीक्षा के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
डाॅ. अमरकांत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक