गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक और शोध पात्रता परीक्षा-2023 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है। विश्वविद्यालय की तैयारी है कि 27 जून से प्रवेश परीक्षा शुरू हो जाए ताकि नए सत्र में देरी न हो।
प्रवेश परीक्षा 27 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक चलेगी। इसे लेकर समय सारिणी लगभग तैयार है। आवेदन की अंतिम तिथि बीतने के एक से दो दिन बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। आवेदन के लिए विश्वविद्यालय दो बार तिथि विस्तारित कर चुका है। 15 जून के बाद आवेदन के लिए मौका नहीं दिया जाएगा।
11 से शुरू होंगी कक्षाएं
विश्वविद्यालय में सत्र 2024-25 की शुरुआत 11 जुलाई से होगी। पुराने विद्यार्थियों की कक्षाएं इस दिन से शुरू हो जाएंगी। प्रवेश परीक्षा कला संकाय में होगी। ऐसे में इसकी वजह से उनकी कक्षाएं प्रभावित न हो इसे लेकर प्रवेश परीक्षा 10 जुलाई तक कराने की योजना है।
एक जुलाई से नए विद्यार्थियों की कक्षाएं
10 जुलाई तक प्रवेश परीक्षा कराने के बाद काउंसिलिंग की प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो जाएगी। इस बार काउंसिलिंग ऑनलाइन होनी है। ऐसे में तैयारी है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया को जुलाई में ही पूरी कर एक अगस्त से नव प्रवेशित विद्यार्थियाें की कक्षाएं शुरू हो जाएं। ताकि उन्हें पहले सेमेस्टर में पढ़ाई के लिए भरपूर समय मिले।
60 हजार से ज्यादा आवेदन
विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक और शोध पात्रता परीक्षा के लिए अभी तक 60 हजार से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इसमें स्नातक में करीब 38 हजार, परास्नातक में 17 हजार तो रेट में 6500 के करीब पंजीकरण आ चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है, ऐसे में यह संख्या अभी और बढ़ सकती है।
15 जून के बाद आवेदन की तिथि विस्तारित नहीं की जाएगी। 27 जून से 10 जुलाई के बीच प्रवेश परीक्षा कराने की तैयारी है। इसके बाद जल्द परिणाम जारी कर काउंसिलिंग शुरू कर दी जाएगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति