गोरखपुर। अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग में नए सत्र की कक्षाएं स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को नवीन तकनीकी से जोड़कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है।
अभ्युदय योजना के अंतर्गत गरीब और बाहर जाकर तैयारी नहीं कर पाने वाले प्रतियोगी छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत सिविल सविर्सेस, नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षाएं चलायी जाती हैं। इस साल से नीट और जेईई की कक्षाओं को स्मार्ट क्लासेस से जोड़ा जा रहा है। स्मार्ट क्लासेस बनाने के लिए जरूरी सामान स्मार्ट बोर्ड, आडियो सिस्टम सहित अन्य जरूरी सामानों का सेटअप किया जा चुका है। सत्र शुरू होते ही छात्रों को इनके माध्यम से पढ़ाया जाएगा। अन्य कक्षाओं को भी इससे बाद में जोड़ा जाएगा। अभी तक जिला लाइब्रेरी में सिविल सविर्सेस की तैयारी की पुस्तकें उपलब्ध थी। अब नीट और जेईई की तैयारी के लिए आगरा से 100 से अधिक प्रतियोगी पुस्तकों को भी मंगाया गया है। सत्र शुरू होते ही प्रतियोगी छात्राें को इन पुस्तकों का लाभ मिलेगा। अभ्युदय योजना के अंतर्गत छात्रों को ऑनलाइन अध्ययन मैटेरियल उपलब्ध कराए जाने की योजना बनायी जाएगी।
- इस सत्र की कक्षाओं में प्रवेश की तिथि
आवेदन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि- 20 जून
प्रवेश परीक्षा की तिथि- 23 जून
अभ्युदय की कक्षाएं प्रारंभ होंगी- 1 जुलाई से
नए सत्र में प्रवेश के साथ छात्रों को स्मार्ट क्लासेस से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए आवश्यक उपकरण प्राप्त हो चुके है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की गुणवत्ता बढ़ाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
वशिष्ठ नारायण सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी