गोरखपुर। खेल विभाग की ओर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय संघ समन्वय सब जूनियर बालक वाॅलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में प्रयागराज छात्रावास की टीम वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर को 25-19, 25-15, 25-19 अंकों से हराकर विजेता बनी। प्रतियोगिता में बेस्ट सेटर प्रभाकर स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर, बेस्ट लिब्रो युवराज स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर, बेस्ट सेंटर ब्लाॅकर अंकित प्रयागराज छात्रावास और बेस्ट अटैकर जैनुल प्रयागराज छात्रावास रहे।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक विपिन सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान विधायक ने कहा कि हमारी सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसका नतीजा है कि प्रदेश के खेल का विकास तेजी के साथ हो रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला वॉलीबाॅल संघ के सचिव बीएन मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडल, दो स्पोर्ट्स कॉलेज और चार छात्रावास के 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंत में श्री उप क्रीड़ाधिकारी आजाद सिंह ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला वाॅलीबाॅल संघ गाजीपुर अजय राय, केडीएल मणि श्रीवास्तव, मो. इब्राहिम, अभिमन्यु राय, अजीत सिंह, मुकेश कुमार सिंह, श्याम नारायण शुक्ला, रमेश राय, अभिषेक बच्चन, शंभूनाथ गुप्ता, मो. इदरीश आदि मौजूद रहे।