गोरखपुर। कुसम्ही स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर हॉक स्पोर्ट्स और नीना थापा क्रिकेट एकेडमी के बीच खेले गए मुकाबले में नीना थापा एकेडमी ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। हॉक स्पोर्ट्स के प्रतीक कुमार की नाबाद 151 रनों की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हॉक स्पोर्ट्स ने 35 ओवर में पांच विकेट पर 247 रन बनाए। प्रतीक कुमार ने 108 गेंदों में 20 चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 151 रन बनाए। प्रभात गौंड ने 24 और अभि जायसवाल ने 22 रन का योगदान दिया। नीना थापा की ओर से आदित्य कुशवाहा और पार्थ यादव ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीना थापा एकेडमी ने आक्रामक बल्लेबाजी की। कप्तान अर्णव निषाद ने 40 और आर्यन चौहान ने 39 रन बनाए। इसके बाद पार्थ यादव ने 22 गेंदों में नाबाद 44 रन और अमन पटेल ने 20 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। टीम ने 22.5 ओवर में सात विकेट पर 251 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। हॉक स्पोर्ट्स की ओर से अभि जायसवाल ने दो विकेट लिए, जबकि सलमान अंसारी, रुद्र विश्वकर्मा, अनूप कुशवाहा और अय्यूब अली को एक-एक विकेट मिला।