प्राइवेट ट्रेन : तीन दिन मुंबई, दो दिन जाएगी बंगलूरू
गोरखपुर। गोरखपुर से मुंबई और बंगलूरू के लिए चलाई जाने वाली प्राइवेट ट्रेनों का शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। अब अंतिम अनुमति रेलवे बोर्ड देगा। प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक मुंबई के लिए ट्रेन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को जाएगी, जबकि गोरखपुर से बंगलूरू सप्ताह में दो दिन बुधवार और बृहस्पतिवार को चलाई जाएगी।
ट्रेन के संचालन को लेकर रेलवे बोर्ड और जोन के अधिकारी तीन-चार दिनों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंथन कर रहे हैं। अभी ट्रेनों का समय तय नहीं हो पाया है। प्राइवेट ट्रेन अपने रूट पर सबसे तेज चलने वाली होगी। किराया भी अन्य ट्रेनों से ज्यादा होगा, क्योंकि किराए में पास, पीटीओ सहित किसी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी। ट्रेन का समय तय होने के बाद वेंडर से करार होगा। इन ट्रेनों के चलने से मुंबई और बंगलूरू जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। मुंबई के लिए छह तथा बंगलूरू के लिए गोरखपुर से एक ट्रेन है।
ड्राइवर और गार्ड रेलवे के होंगे
प्राइवेट ट्रेन को चलाने की जिम्मेदारी रेलवे की होगी। ड्राइवर और गार्ड भी रेलवे के होंगे। टीटीई व सफाई कर्मी प्राइवेट कंपनी रखेगी। प्राइवेट ट्रेनों को समय से चलाने में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें फुल स्पीड से चलाया जाएगा।