सपा की तर्ज पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) का मंडलीय सम्मेलन गोरखपुर में तारामंडल रोड स्थित सत्यम लॉन पर होगा। इसके जरिए पार्टी पूर्वांचल में पैठ बनाएगी। फर्क इतना है कि 2011 में जब सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था, तब शिवपाल यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई के नाते बड़ी हैसियत रखते थे। अब वह प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सपा का सम्मेलन राष्ट्रीय था तो प्रसपा का मंडलीय है। तब मुलायम सिंह यादव ने बसपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था। इसका असर था कि 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा की करारी हार हुई और सपा सत्ता में आ गई। अब प्रसपा के निशाने पर भाजपा के साथ ही सपा भी है।
प्रसपा किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमान सिंह और जिलाध्यक्ष श्यामनारायण यादव कहते हैं कि पूर्वांचल की धरती क्रांतिकारियों की धरती है। यही वजह है कि सम्मेलन की शुरूआत गोरखपुर से की गई है। जब भी देश-प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ, उसके केंद्र में गोरखपुर रहा है। इतना ही नहीं, सपा को भी सत्ता से बाहर करने में पूर्वांचल का योगदान रहा है। प्रसपामुखिया शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी को खड़ा करने के लिए मंडलीय सम्मेलन के लिए जो जगह चुनी है, शायद उसकी वजह यही है।
सम्मेलन के माध्यम से प्रसपा मुखिया कार्यकर्ताओं में जहां ऊर्जा का संचार करेंगे, वहीं भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का भी ऐलान करेंगे। प्रसपा प्रमुख के निशाने पर यदि भाजपा है तो सपा भी। वह अपने अपमान का बदला सपा को कमजोर करके लेना चाहेंगे। यूपी के अलग-अलग जिलों में सम्मेलन और बैठकों का दौर चलेगा।
मजबूत संगठन के आधार पर 2022 के विधानसभा चुनाव में जाएंगे। ताकत का एहसास अपने विरोधियों को कराएंगे। प्रसपा नेता कहते हैं कि भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर पहुंच गई है। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक बेलगाम हो गए हैं। भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि बगैर धन दिए कोई काम नहीं होने वाला है। गरीब और कमजोर की बात सुनी ही नहीं जा रही है, इसलिए इस सरकार को सत्ता से बाहर करना ही होगा।
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे दीपक मिश्रा
प्रसपा के सम्मेलन में बौद्घिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा भी आएंगे। यहां प्रसपा मुखिया का जोरदार स्वागत होगा, फिर वह सर्किटहाउस से दोपहर 12 बजे पैडलेगंज स्थित सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मंडलीय सम्मेलन में कई पूर्व मंत्री भी आ रहे हैं।
प्रसपा के जिलाध्यक्ष श्यामनारायण यादव और महानगर अध्यक्ष हाजी तहब्बर हुसैन ने बुधवार को मंडलीय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कहा कि बृहस्पतिवार को सत्यम लॉन में आयोजित सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आएंगे, ऐसी उम्मीद है। सम्मेलन में पूर्व मंत्री कमला यूसूफ, शादाब फातिमा, प्रसपा के प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, समेत अन्य कई नेता शामिल होंगे।