गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में 21 फरवरी को हुई नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म की घटना में आरोपी को सजा दिलाने में डीएनए रिपोर्ट अहम साबित होगी। पीड़िता और आरोपी के कपड़ों से लिए गए सैंपल की रिपोर्ट भी कोर्ट में भेज दी गई है। पुलिस ने इस मामले की पैरवी कर आरोपी को जल्द सजा दिलाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ा दी है।
इस संवेदनशील मामले में ट्रायल रोजाना के आधार पर कराया जा रहा है, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अभियोजन पक्ष लगातार सक्रिय है और गवाहों की गवाही समय पर कराई जा रही है। इसी क्रम में पीड़िता की गवाही भी कोर्ट में दर्ज करा दी गई है, जिसे केस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने कहा कि मामले को प्राथमिकता पर रखते हुए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। अभियुक्त के खिलाफ मजबूत चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है और अब साक्ष्यों के आधार पर सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। डीएनए रिपोर्ट का मिलान केस को निर्णायक दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही गवाहों की सुरक्षा और समयबद्ध पेशी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की देरी न हो। पुलिस का उद्देश्य है कि प्रभावी पैरवी के जरिये आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए और पीड़िता को न्याय मिले।