पॉलिटेक्निक : चौथे चरण की काउंसिलिंग आज से
गोरखपुर। राजकीय और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए चौथे चरण की काउंसिलिंग का कार्यक्रम संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने जारी कर दिया है। इसके लिए शुक्रवार और शनिवार को रजिस्ट्रेशन होगा। रिक्त सीटों का ब्यौरा वेबसाइट पर 23 अक्तूबर की शाम तक जारी कर दिया जाएगा। 25 अक्तूबर को नतीजे आएंगे।
जिला समन्वयक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी अपने अभिलेखों का सत्यापन सहायता केंद्रों के माध्यम से 26-28 अक्तूबर तक कराएंगे। अपनी लॉगिन के माध्यम से शुल्क 26-29 अक्तूबर तक जमा कराकर अपना प्रोविजनल एडमिशन लेटर प्रिंट कर लेंगे। उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग में संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित सभी अभ्यर्थी (उत्तीर्ण तथा अनुत्तीर्ण दोनों) हिस्सा ले सकते हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से बाहर के सभी अभ्यर्थी जो कि पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा- 2020 में शामिल हुए हैं, उन्हें भी मौका दिया गया है।
काउंसिलिंग कराने से चूक गए हों तो घबराएं नहीं
जिला समन्वयक ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में शामिल अगर कोई अभ्यर्थी काउंसिलिंग कराने से चूक गया हो तो वह काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकता है। जिन अभ्यर्थियों को चतुर्थ चरण से सीट आवंटन होगा, अगर वे प्रवेश नहीं लेते हैं तो उन्हें काउंसिलिंग के सभी चरणों से बाहर कर दिया जाएगा। पता भरने के दौरान अभ्यर्थी अपने विकल्प सोच समझकर ही भरें। विस्तृत कार्यक्रम परिषद की वेबसाइट jeecup.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है।