खजनी पीएचसी में इलाज के लिए आया था, एंबुलेंस चालक के घर छोड़ने से मना करने पर की वारदात
सिकरीगंज पुलिस ने एंबुलेंस बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
खजनी। एंबुलेंस चालक के घर छोड़ने से मना करने पर इलाज कराने आया पुलिसकर्मी का बेटा खजनी पीएचसी परिसर में खड़ी सरकारी एंबुलेंस लेकर भागने लगा। सूचना पर डॉयल 112 के पीआरवी पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। एंबुलेंस में लगे जीपीएस के जरिए सिकरीगंज पुलिस ने दुधरा बाजार से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और एंबुलेंस को बरामद कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि इलाज के बाद एंबुलेंस चालक से घर छोड़ने के लिए बोला था, एंबुलेंस चालक के मना करने पर नाराज होकर वह एंबुलेंस लेकर भागा था। जानकारी के मुताबिक, सिकरीगंज के बनकटा के उफरौली निवासी इंद्रेश यादव डॉयल-100 की ड्यूटी में तैनात हैं। उनके बेटे विपिन कुमार यादव उर्फ राजाराम को ठुड्डी पर चोट लगी थी। रविवार को दोपहर करीब तीन बजे वह पीएचसी खजनी इलाज के लिए गया। इलाज के बाद वह बाहर निकला और एंबुलेंस चालक से बोला कि मुझे घर छोड़ दो। एंबुलेंस चालक ने ऐसा करने से मना किया तो राजाराम कैंपस में खड़ी सरकारी एंबुलेंस लेकर भागने लगा।
एंबुलेंस चालक ने पीएचसी के जिम्मेदारों और डॉयल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीआरवी पीछे लग गई। बाद में सिकरीगंज पुलिस एंबुलेंस को दुधरा बाजार से बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीएचसी खजनी प्रभारी डॉ प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि युवक घायल होकर आया था। इलाज के बाद एंबुलेंस लेकर भाग गया। एसओ मनीष यादव ने बताया की एंबुलेंस को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का भाई तमंचा रखने के आरोप में जेल जा चुका है दोनों भाई मनवढ़ किस्म के हैं।