उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सड़क पर शराब पी रहे लोगों पर पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस सड़क पर खुले में ठेले खोमचों पर शराब पीने वाले कुल 368 लोगों को पकड़कर संबंधित थाने लाई। वहां पहले सभी की काउंसिलिंग कराई और बाद में घरवालों को बुलाकर उनके सामने हिदायत दी। बाद में सभी का 34 पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया। यह सब एंटी चीयर्स ऑपरेशन के तहत हुआ।
जानकारी के अनुसार पुलिस को पिछले कुछ दिनों से खुले में सड़कों के किनारे लोगों के शराब पीने की शिकायत मिल रही थी। शाम होते ही शहर के अधिकांश चौराहों पर स्थित शराब की दुकानों के बाहर ठेले खोमचों पर पीने वालों का जमावड़ा मेले की तरह लग जा रहा था।
उधर प्रदेश में जहरीली शराब से हो रही मौतों का संज्ञान लेकर मुख्य सचिव आबकारी ने भी चेकिंग करने का निर्देश दिया था। जिसे देखते हुए एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ के अगुवाई में शहर के खोराबार, कैंट, कोतवाली, तिवारीपुर, शाहपुर, गोरखनाथ, राजघाट, रामगढ़ताल थानाक्षेत्र की पुलिस एक साथ सड़क पर उतरी।
पुलिस ने एंटी चीयर्स ऑपरेशन के तहत आरटीओ रोड स्थित मॉडल शाप, मोहद्दीपुर, वरदायिनी मॉडल शाप, भगत चौराहा, पादरी बाजार, कौआबाग, सिक्टौर, रानीडीहा, जंगलसिकरी बाईपास, नौसड़, गोरखनाथ, बरगदवा, रेलवे स्टेशन सहित तमाम जगहों पर कार्रवाई शुरू की गई। लोगों की सड़क किनारे शराब पी रहे लोगों के गाड़ियों की डिकी, पॉकेट आदि सब चेक किया गया।
अकेले गोरखनाथ पुलिस ने ही 65 लोगों के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की। साथ ही कच्ची शराब भी बरामद की। इस संबंध में एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाती रहेगी। इससे अपराध पर भी अंकुश लगता है।