गोरखपुर। इस्राइल व फिलिस्तीन युद्ध पर भारत में चल रहे कुछ संगठनों के बयान की वजह से गोरखपुर में भी पुलिस प्रशासन शुक्रवार को अलर्ट रहा। जुमे की नमाज के समय मस्जिद के इर्द-गिर्द पुलिस मुस्तैद नजर आई। पुलिस व प्रशासन के अफसर भी भ्रमणशील रहें। हालांकि, जिले में जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हुई।
जानकारी के मुताबिक, सीआईए के विरोध के समय गोरखनाथ में पथराव हो गया था। इस वजह से जुमे की नमाज को लेकर पुलिस व प्रशासन के अफसर सतर्क रहें। शुक्रवार को एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर अनिल ढींगरा, आईजी जे रविंद्र, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई जामा मस्जिद पहुंचे थे।
अधिकारियों ने लोगो से शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा करने की अपील की। वहीं एसपी नार्थ मनोज अवस्थी सहित तमाम अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। हालांकि, लोग सीधे मस्जिद में गए और नमाज अदाकर चले गए। जुलूस निकालने पर प्रतिबंध था। सबकुछ शांतिपूर्ण निपटने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।