गुलरिहा इलाके के एक गांव की रहने वाली बीए की छात्रा के मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजकर मनचला पिछले पांच दिनों से परेशान कर रहा है। आरोप है कि मनचला कॉल करके भी छात्रा को तंग कर रहा है।
परेशान छात्रा ने पांच दिन पहले मेडिकल कॉलेज चौकी की पुलिस को तहरीर दी और महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत की। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर मनचले की हरकत भी नहीं थमी। आजिज आकर छात्रा रविवार को मां के साथ थाने पहुंची और दोबारा तहरीर दी। उसने कहा कि केस दर्ज नहीं हुआ तो वह इसकी शिकायत एसएसपी से करेगी। युवती पास के एक महाविद्यालय में बीए की छात्रा है। बीते मंगलवार को वह छात्रवृत्ति के लिए सरहरी स्थित स्टेट बैंक में खाता खुलवाने गई थी।
आरोप है कि उसी बीच पड़ोस के गांव का युवक वहां आया और उसका मोबाइल फोन और आधार कार्ड जबरन ले लिया। युवती के नंबर से उसने अपने मोबाइल फोन पर कॉल किया और आधार कार्ड की तस्वीर क्लिक कर ली। बाद में वह छात्रा का मोबाइल फोन व आधार कार्ड वापस कर चला गया। आरोप है कि उसके बाद से ही वह युवक छात्रा को परेशान करने लगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है।