गोरखपुर। तारामंडल निवासी संजय पांडेय फैजाबाद में एक सरकारी विभाग में अधिकारी हैं। उनके पास ड्यूटी के दौरान फैजाबाद में सोमवार को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि आपका बेटा दुष्कर्म में फंस गया है। बचाना है तो रुपये भेजो, इसके बाद संजय कई घंटे परेशान हुए। जब बेटे से बात हो गई तब वह शांत हुए।
सोमवार को तारामंडल निवासी संजय पांडेय के फोन पर व्हाट्सएप पर कॉल आई। खुद को पुलिस इंसपेक्टर बताते हुए कॉल करने वाले ने कहा कि पुलिस ने उनके बेटे की बहुत पिटाई की है। यह सुनते ही फैजाबाद से संजय ने अपने घर फोन किया तो पता चला कि बेटा कोचिंग के लिए गया है। बेटे से भी बात नहीं हो पा रही थी। तभी संजय ने गोरखपुर में अपने एक रिश्तेदार को फोन कर इसकी जानकारी दी।
रिश्तेदार ने कोचिंग में पहुंचकर उनके बेटे से बात कराई। संजय ने कहा कि वह साइबर थाने में इसकी शिकायत करेंगे। संवाद