बड़हलगंज (गोरखपुर)। नगर पंचायत बड़हलगंज में शनिवार रात चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक पक्ष के पवन गुप्ता की तहरीर पर 15-20 अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मारपीट करने वालों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, पुरानी हनुमान गढ़ी मुहल्ले में चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार रात में मारपीट हो गई। प्रचार में विधायक राजेश त्रिपाठी भी भाजपा प्रत्याशी प्रीति उमर के पक्ष में पहुंचे थे। जनसंपर्क के दौरान भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता पटेल पत्नी कमलेश पटेल का ई रिक्शा प्रचार वाहन पहुंचा। जिसके साउंड को बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। लेकिन, बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया। विधायक जनसंपर्क कर वापस चले गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता व निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। जिसमें प्रथम पक्ष भाजपा के पवन गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, सचिन गुप्ता व दूसरे पक्ष के ई रिक्शा चालक राज पटेल व सचिन पटेल की गर्भवती पत्नी संजना पटेल घायल हो गईं थी। जिनका इलाज चल रहा है। रविवार को पुलिस ने पवन गुप्ता की तहरीर पर एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।