बिना मास्क लगाए सड़क पर निकले लोगों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
लॉकडाउन खत्म होने के साथ ही सड़कों पर बढ़ी भीड़ सेहत को लेकर बेपरवाह हो गई है। आलम यह है कि रोजाना पुलिस सख्ती कर जुर्माना काट रही है, फिर भी लोग बिना मास्क ही सड़कों पर घूम रहे। यह हाल तब है जब इसकी अहमियत को लॉकडाउन के समय समझाया भी गया और लोगों ने माना भी था।
पुलिस ने बिना मास्क के चालान के लिए अलग से चालान बुक भी छपाया गया है ताकि इसका अंदाजा लग सके कि कितने लोग इस बीमारी को लेकर सजग नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना महामारी का संक्रमण एक दूसरे में ना फैलने पाए, इसके लिए मास्क जरूरी है। अब सड़कों पर बिना मास्क निकलने वाले अपने लिए तो खतरा हैं ही, दूसरों के लिए भी बड़ी परेशानी हैं। क्योंकि अगर किसी में संक्रमण है तो उसे फैलने से कोई नहीं रोक पाएगा।
यही वजह है कि पुलिस जब बिना मास्क वालों को रोक रही है तो उनके गाड़ी के कागजात व अन्य दस्तावेज की भी जांच कर रही है ताकि जेब पर असर पड़े और कम से कम अगली बार से सुधार आए। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मास्क संक्रमण को फैलने से रोकता है फिर भी लोग सड़कों पर बिना मास्क निकल रहे है। ऐसे लोगों का पुलिस चालान काट रही है।