- गुलरिहा पुलिस ने रविवार की रात में की गिरफ्तारी, मोबाइल और नकदी बरामद
- महिला से लूटे थे मंगलसूत्र, बाइक चोरी की वारदात कबूली
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा (गोरखपुर)। चोरी व लूट करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन, एक जोड़ी पायल और 26 सौ रुपये बरामद किया गया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरसेवकपुर नंबर दो निवासी किट्टू उर्फ रोहन व यहीं के अंकुश चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गुलरिहा इलाके के सरैया गांव के उत्तर नहर पुलिया के पास दो अगस्त की सुबह चार बजे टहलने गई महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की घटना की थी। गुलरिहा पुलिस लूट का केस दर्ज कर दोनों लुटेरों की तलाश कर रही थी। रविवार रात पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि सात अक्तूबर की रात पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषड़ टोला ककरहिया में एक घर में घुसकर दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी पायल चोरी की और बगल के घर के बरामदे में खड़ी बाइक चुरा ली।
पांच अक्टूबर की दोपहर जंगल धूषड़ भट्ठा चौराहा पुलिया के पास साइकिल से जा रही लड़की का बैग छीनकर अंकुश चौहान एवं किट्टू फरार हो गए थे। बैग में 22 सौ रुपये थे। किट्टू चौहान पर गुलरिहा, कैंट, शाहपुर, राजघाट एवं पिपराइच में लूट, छिनैती, बाइक चोरी एवं गैंगस्टर समेत कुल 13 केस दर्ज हैं। जिसमें गैंगस्टर समेत छह केस शाहपुर थाने में दर्ज हैं। वहीं अंकुश चौहान पर गुलरिहा, पिपराइच, कैंट, कोतवाली और राजघाट में कुल 12 केस दर्ज हैं। जेल से छूटने के बाद दोनों गुलरिहा और पिपराइच क्षेत्र में अपराध को अंजाम दे रहे थे।