प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फर्टिलाइजर में आने से पहले ही इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया जाएगा। इस दौरान पतंग व गुब्बारा उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बृहस्पतिवार को एडीजी जोन अखिल कुमार, कमिश्नर रवि एनजी व एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बैठक कर सुरक्षा व यातायात-व्यवस्था की समीक्षा कर इसे अंतिम रूप दिया। पुलिस के साथ ही सभी खुफिया एजेंसी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। फर्टिलाइजर में सात दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा प्लान तैयार कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और इसके लिए शहर व कार्यक्रम स्थल के आसपास होटल, ढाबा की चेकिंग शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र में स्थित होटल संचालकों से बात करके बाहर से आने वालों की सूचना देने को कहा है। कार्यक्रम स्थल पर आने और बाहर जाने के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जा रहे हैं।
महेसरा ताल में एनडीआरएफ की टीम रहेगी। बृहस्पतिवार को अफसरों ने फर्टिलाइजर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की। एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। एसपीजी की टीम भी आ गई है। यातायात के लिए कार्यक्रम के दिन रुट डायवर्जन होगा, जिसको लेकर तैयारी चल रही है।
सुरक्षा में तैनात होगी यह फोर्स
सुरक्षा में दो डीआइजी, 8 एसपी, 20 एडिशनल एसपी, 55 सीओ, 13 कंपनी पैरामिलिट्री समेत 4000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है। छह दिसंबर की शाम को ही फोर्स फर्टिलाइजर में तैनात हो जाएगी।