महिला प्रधान वर्षा सिंह ने पीएम मोदी से की बात।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज विकासखंड के नकटीदेई बुजुर्ग के प्राथमिक विद्यालय पर शुक्रवार को प्रधान वर्षा सिंह से बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने गांव का हालचाल जाना और उनसे पूछा कि सरकार का भेजा पैसा गांव में पहुंच रहा है या नहीं। इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन भी मौजूद थे।
इस समय कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है और लगभग हर गांव में सरकारी भवन या विद्यालय को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। वहीं पंचायती राज दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने महिला प्रधान वर्षा सिंह से लाइव टेलीकास्ट के दौरान गांव के विकास, सरकार की योजना व जनता की इससे संतुष्टि के बारे में भी जानकारी ली।
इसके जवाब में प्रधान वर्षा सिंह ने सरकारी योजनाओं से ग्राम पंचायत स्तर के लोगों के संतुष्ट होने की बात बताई। पीएम ने उनसे लॉकडाउन के बारे में पूछा कि उनके ग्राम पंचायत में इसका पालन हो रहा है कि नहीं। लोग फिजिकल डिस्टेंस बनाकर रह रहे हैं या नहीं। ग्राम पंचायत में किस तरह लॉकडाउन का पालन कराया गया। पीएम के एक-एक सवालों का जवाब प्रधान ने दिया।
इस कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय के परिसर में सुबह से ही जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा, उप जिलाधिकारी व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा डटे रहे। इस कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र के विकास से संबंधित लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए भी सलाह दी।