प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में संवाद करके जनता से खुद को जोड़ा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े प्रधानमंत्री ने पहले हाथ जोड़ नमस्कार किया, फिर कहा गुरु गोरक्षनाथ की धरती को प्रणाम करत बाड़ी, इस पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने कहा देवरहा बाबा के आशीर्वाद से ई जिला खूब आगे बढ़त बा। आज देवरहा बाबा की धरती पर हम चौरीचौरा के महान लोगन के स्वागत कर बाड़ी। आप सबई के नमन करत बाड़ी।
प्रधानमंत्री के भोजपुरी संवाद पर कार्यक्रम स्थल पर जबरदस्त उत्साह दिखा। सबने हाथ उठाकर खुशी का इजहार भी किया। यह पहला मौका नहीं है जब पीएम, भोजपुरी में गोरखपुर एवं उसके आसपास के जिलों के लोगों का अभिवादन कर उनके दिल में उतर गए। इसके पहले 2014 में मानबेला में आयोजित चुनावी जनसभा और फिर 2016 में खाद कारखाना परिसर में नए खाद कारखाना और एम्स के शिलान्यास मौके पर भी उन्होंने भोजपुरी में अभिवादन के साथ अपनी बात शुरू की थी।
विधानसभा की 62 सीटें: 44 भाजपा व दो सहयोगी दलों के पास
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र से संबंधित तीन मंडलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले 44 सीटें जीती थीं। सहयोगी दल दो सीट जीतने में कामयाब हुए थे। इस बार भी पार्टी अच्छे प्रदर्शन के इरादे से चुनाव मैदान में उतरेगी। गोरखपुर मंडल के चार जिलों (गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज) में विधानसभा की 28 तो बस्ती मंडल के तीन जिलों ( बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर) में 13 सीटें हैं।
इस क्षेत्र में लोकसभा की 13 सीटें हैं। इसमें से 10 भाजपा के पास हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में गोरखपुर-बस्ती मंडल की सभी नौ सीटों पर भाजपा की जीत हुई थी। बलिया में भी भाजपा के प्रत्याशी को जीत मिली थी लेकिन आजमगढ़, लालगंज और घोसी (मऊ) लोकसभा सीट पार्टी हार गई थी।
बाबा राघव दास व महामना मदन मोहन मालवीय को भी याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा राघव दास व महामना मदन मोहन मालवीय को भी याद किया। इन विभूतियों का क्षेत्र में गहरा प्रभाव है। इनका अनुसरण किया जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि चौरी चौरा की घटना के बाद ब्रिटिश हुकूमत सबको फांसी देने पर आमादा थी। इस बीच दोनों महान विभूतियां आगे आए। कानूनी लड़ाई लड़ाई लड़ी और 150 लोगों को फांसी से बचा लिया। इसलिए दोनों विभूतियों को प्रणाम करने का दिन है।
गोरखपुर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ेगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी साफ कर दिया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और पानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। हम केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों, उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएंगे। निश्चित ही जनसमर्थन मिलेगा। 2022 में और बड़ी जीत के साथ भाजपा सरकार बनाएगी।