गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। किशोरी की मां ने घर में टोटी बनाने आए प्लंबर पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को आरोपी प्लंबर, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली महिला के मुताबिक, बेलघाट थाना क्षेत्र का मनीष गांव में प्लंबर का काम करता है। वह उनके घर भी टोटी बनाने आया था। इसी दौरान वह उनकी बेटी से बातचीत करने लगा और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। करीब एक साल पहले भी उन्होंने बेटी को मनीष से मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया था। तब मनीष को डांट-फटकार लगाई गई थी। उसने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था।
महिला ने आरोप लगाया कि 27 अक्तूबर को उनकी गैरमौजूदगी में मनीष उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच 30 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे किशोरी ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने मौसा से संपर्क किया। मौसा ने मां की भी उससे बात कराई। मां के अनुसार, बातचीत के दौरान बेटी ने कहा कि इधर-उधर मत दौड़ो, मैं मनीष के साथ भागकर आ गई हूं। महिला ने मनीष के माता-पिता और भाई पर भी बेटी को भगाने में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका यह भी आरोप है कि किशोरी घर से सोने-चांदी के जेवर और उनका मोबाइल फोन लेकर गई है।
रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामानंद राय ने बताया कि महिला की तहरीर पर मनीष, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई रॉकी कुमार को सौंपी गई है। पुलिस किशोरी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।