राशन कार्ड पर पत्नी की जगह लगाया साली की फोटो, घर में हंगामा
गोरखपुर। राशन कार्ड पर पत्नी की जगह साली की फोटो लग जाने से घर में विवाद शुरू हो गया है। स्थिति ऐसी हो गई है कि पति और पत्नी के बीच बात बंद हो गई है। इसकी जानकारी जब साली को हुई तो उसने भी नाराज होकर जीजा और अपनी बहन से बात करना बंद कर दिया है। इसके बाद से राशन कार्ड धारक फोटो बदलवाने के लिए विभागों का चक्कर काट रहा है।
जानकारी के मुताबिक गीता वाटिका में रहने वाला एक व्यक्ति, अपने राशन कार्ड पर पत्नी की जगह साली की फोटो लगाए हुए था। इसकी जानकारी पत्नी को चार साल बाद अचानक राशन कार्ड देखने पर हुई। इस पर पत्नी ने बवाल शुरू कर दिया। उसने पति से बातचीत करना बंद कर दिया है। उसने राशन कार्ड फेंक दिया। बताया जाता है कि एक ही परिवार के दो भाई हैं। दोनों भाइयों की शादी एक ही घर में दोनों सगी बहनों से हुई है। दोनों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया था। लेकिन इस बीच जब 15 दिन बाद कार्ड आया तो बड़े भाई के राशन कार्ड पर उसकी पत्नी की जगह साली की फोटो लगी थी। जबकि छोटे भाई के कार्ड पर फोटो सही था।
पत्नी और साली दोनों को मानने में जुटा
राशन कार्ड धारक पत्नी और साली को मनाने में जुट गया है। लेकिन न तो पत्नी मान रही है और न ही साली। इसकी वजह से वह परेशान हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि अगर कार्डधारक शिकायत करता है तो फोटो सही करा दिया जाएगा।
विभाग की गलती नहीं
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद सिंह ने बताया कि इसमें विभाग की कोई गलती नहीं है। जो फोटो मिली होगी, उसे ही राशन कार्ड पर लगाया गया होगा। अगर मामले की शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराते हुए राशन कार्ड को सही करा दिया जाएगा।