महराजगंज। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर से संबद्ध अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महराजगंज में हुआ। इसमें कुल नौ महाविद्यालयों की वॉलीबाल टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मैच में पीजी कॉलेज जवाहरलाल नेहरू हमारा पीजी कॉलेज की टीम 25-21, 14-25, 30-28 और 26-24 से राम रतन पीजी कॉलेज मंसूरगंज को हराकर विजेता बनी।
क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद चार टीम में सेमीफाइनल में पहुंची, जिसमें पहले सेमीफाइनल मैच गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय चौक बाजार और राम रतन पीजी कॉलेज के बीच खेला गया। बहुत ही रोमांचक मैच में पहला सेट चौक बाजार की टीम ने जीता बाकी दोनों सेट मैच में राम रतन पीजी कॉलेज मंसूरगंज की टीम में भूषण, पन्नेलाल और विवेकानंद के बेहतरीन खेल से चौक बाजार की टीम को 20-25, 25-14 और 25-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर और जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महराजगंज के बीच खेला गया, जिसमें जवाहरलाल कमलेश मंजेश विपिन और मुसाफिर की बेहतरीन खेल से एमएलके बलरामपुर की टीम को 25-20 व 25-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बलरामपुर की ओर से नसीम, वैभव, अभिषेक और हिमांशु के बेहतर खेल से प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल मैच के पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने किया। जबकि, दूसरे सेमीफाइनल मैच का उद्घाटन सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने किया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी सदर रमेश यादव ने खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डाॅ. शांति शरण मिश्र, डाॅ. पीयूष कुमार जायसवाल, डॉ. राणा प्रताप तिवारी, डॉ. विपिन यादव, डाॅ. नंदिता मिश्रा, राजीव द्विवेदी आदि मौजूद रहे।