गोरखपुर। राप्तीनगर क्षेत्र में शनिवार शाम को ही ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। करीब साढ़े पांच घंटे तक लोग गर्मी और अंधेरे से जूझते रहे, जिसके बाद देर रात नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई। वहीं रविवार को इस क्षेत्र में जेसीबी से केबल कटने से भी परेशानी बढ़ी रही।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम राप्तीनगर उपकेंद्र से जुड़े रामजानकी नगर फीडर पर चौराहे के पास स्थापित 400 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। इससे पूरे इलाके में बिजली संकट गहरा गया। बिजली विभाग की टीम ने पहले ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया। इसके बाद नए ट्रांसफार्मर को लगाने का कार्य शुरू हुआ। देर रात करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान उपभोक्ताओं को लगभग पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
इसके बाद रविवार को पत्रकारपुरम फीडर भी ब्रेकडाउन का शिकार हो गया। बताया गया कि जेसीबी मशीन से केबल कट जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। लाइनमैन स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोलिंग की और केबल को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की।
राप्तीनगर के सहायक अभियंता राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि ट्रांसफार्मर का तेल खराब होने के कारण जल गया था। इसे नए ट्रांसफार्मर से बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।