- गैस पाइपलाइन पहुंची, लेकिन पानी से अब भी दूर हैं लोग
- हैंडपंप और आरओ का पानी पी रहे है मोहल्लेवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रानीबाग और बड़गो क्षेत्र के लोग पिछले दो सालों से स्वच्छ जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन का इंतजार कर रहे हैं। योजनाएं बनीं लेकिन अब तक पानी की पाइपलाइन घरों तक नहीं पहुंच सकी। नतीजा यह है कि लोगों को आज भी हैंडपंप के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
रानीबाग कॉलोनी के रहने वाले गिरिजेश ने बताया कि एक साल पहले ही घर-घर गैस की पाइपलाइन पहुंच चुकी है। लेकिन पानी की पाइपलाइन अब तक नहीं आई। पानी के लिए आज भी हैंडपंप ही एकमात्र सहारा है। रानी बाग के पप्पू ने बताया कि इलाके में पाइपलाइन नहीं है। पीने से लेकर सभी घरेलू काम हैंडपंप के पानी से ही किए जाते हैं। परिवार को पीने के लिए बाहर से जार में मंगाना पड़ता है। बड़गो निवासी काजू ने बताया कि हैंडपंप का पानी पीने लायक नहीं है फिर भी मजबूरी में वही पीना पड़ता है। गांव के कई परिवार पीने के लिए आरओ का पानी मंगाते हैं, जिससे उनका अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है।
पाइपलाइन तो लगी पर पानी कब आएगा पता नहीं
बड़गो के शाकिर और इस्लाम ने बताया कि गांव में एक छोटा सा पुराना ट्यूवेल और पाइपलाइन का ढांचा लगाया गया है। लेकिन यह कब चालू होगा किसी को जानकारी नहीं है। अधूरी पाइपलाइन के कारण लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। स्वच्छ जल का सपना अधूरा है।