पुजारी भी अपनी सुरक्षा में लगा रहे मास्क।
- फोटो : अमर उजाला
भोर से रात तक सैलानियों और दर्शनार्थियों से गुलजार रहने वाले गोरखनाथ मंदिर में इन दिनों सन्नाटा फैला हुआ है। प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों ने घूमना-टहलना काफी कम कर दिया है। इससे मंदिर में लोगों की भीड़ कम हुई है। मंदिर में भी संक्रमण से सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर के सचिव द्वारिका तिवारी ने बताया कि अन्य मंदिरों की तरह गोरखनाथ मंदिर को बंद नहीं किया गया है लेकिन भीड़ नहीं के बराबर है। जो लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं उन्हें हाथ सैनेटाइज कराने के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। मंदिर में पुजारी भी हाथ सैनेटाइज करने के साथ मास्क का प्रयोग कर रहे हैं।
दो अप्रैल तक जीडीए के सभी पार्क बंद
कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जीडीए ने अपने सभी पार्क दो अप्रैल तक बंद कर दिए हैं। प्राधिकरण के सचिव राम सिंह गौतम ने बताया कि शुक्रवार की शाम से ही इंदिरा बाल विहार, पंत पार्क, आंबेडकर पार्क समेत प्राधिकरण के जितने भी पार्क हैं उन्हें एहतियातन बंद कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम न हो तो लोग सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाली सभी जगहों पर जाने से बचें।