- संभव समाधान कैंप में जमीन पर कब्जा, नाली, सड़क की शिकायतें लेकर पहुंचे थे लोग
- नगर आयुक्त बोले, धैर्य रखिए, टीम जाएगी और पैमाइश कर करेगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। साहब, नगर की जमीन पर 16 लोगों ने भू माफिया के सहयोग से कब्जा कर लिया है। ये जमीन कान्हा उपवन में करीब 385 डिसमिल है जो बेशकीमती है। इस पर से भू माफिया का कब्जा हटना चाहिए। यहां अवैध निर्माण को भी ध्वस्त करवा दें।
ये बातें पार्षद छोटेलाल पासवान ने कही। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित संभव समाधान दिवस जनसुनवाई के दौरान पार्षद और उनके साथ स्थानीय लोग पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान नगर निगम की जमीनों पर अवैध कब्जे का मुद्दा ही छाया रहा।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को नागरिकों ने बताया कि कान्हा उपवन में 16 लोगों के नाम पर नगर निगम की जमीन अवैध तरीके से चढ़ गई है। इसकी जांच कराई जाए। नगर आयुक्त ने आश्वस्त करते हुए बुधवार को टीम को मौके पर जाने का निर्देश दिया। कहा, धैर्य रखिए, टीम जाएगी और जमीन की पैमाइश करेगी। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
धर्मशाला वार्ड के पार्षद छट्टी लाल ने अपने क्षेत्र में नगर निगम की एक जमीन पर अवैध कब्जे की बात बताई। कहा कि नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर उससे धन अर्जित किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने उनसे इस संबंध में कागज उपलब्ध करवाने को कहा। बोले, नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जाधारकों को हटाया जाएगा।
वार्ड नंबर तीन सूबा बाजार उर्फ खोराबार के पार्षद प्रतिनिधि लोकेश पासवान भी पहुंचे थे। बताया कि अतिक्रमण के कारण सड़क पर जाम लग रहा है। इससे नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ में गए दिनेश कुमार वर्मा ने कहा कि सूबा बाजार उर्फ खोराबार में दिनेश ज्वेल्स एंड इलेक्ट्रानिक धर्मकांटा’ के नाम से मेरी दुकान है। दुकान के सामने और अगल-बगल की नगर निगम की जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है।
नगर निगम ने पहले ही अतिक्रमण ध्वस्त करने का आदेश जारी कर दिया है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। नगर आयुक्त ने कहा कि जल्द ही जमीन की पैमाइश कराकर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वार्ड नंबर 21 से वीरेंद्र बहादुर सिंह भी वार्ड के नाले और सड़क की शिकायत लेकर पहुंचे थे। महादेव झारखंडी के शिवपुर कॉलोनी से दिनेश पहुंचे थे। उन्होंने वार्ड के नाली, खड़ंजे को सही करवाने की मांग की।
ठेकेदार काम छोड़कर भाग गए
शिवाजी नगर के सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी और हरिनारायण त्रिपाठी भी नगर निगम पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में एक ठेकेदार काम करवा रहे हैं। काम भी मानक के अनुसार नहीं कर रहे और विरोध करने पर सामान वार्ड की सड़क पर छोड़कर भाग गए। नगर आयुक्त ने इसपर कड़ी आपत्ति जताई। मौके पर मुख्य अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि नागरिकों की दिक्कत संबंधी शिकायतें गंभीर प्रकरण है। मौके पर जाकर देखें, अगर ऐसा मिले तो ठेकेदार को तत्काल काली सूची में डाल दें।
कोट
नगर निगम की दिक्कतों के साथ लोग कैंप में आए थे। नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं। टीम को निर्देशित किया है कि उक्त जमीन पर पैमाइश कर रिपोर्ट दें। अन्य शिकायतों को संबंधित जिम्मेदारों को भेजते हुए इसके निस्तारण का निर्देश दिया है।
- गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त