- गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में बांसगांव की एक विधवा ने मुख्यमंत्री से की फरियाद
- सीएम ने कार्रवाई का आदेश दिया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री जी, मैं जिंदा हूं। पति की जमीन में मेरा भी हक है। मुझे मृत घोषित कर बेटे ने जमीन को अपने नाम वरासत करा लिया है। राजस्व कर्मियों ने भी फर्जीवाड़े में पूरा सहयोग किया है। वरासत की प्रक्रिया में लेखपाल, कानूनगो द्वारा प्रमाणित कर जमीन बेटे के नाम चढ़ा दी गई। खतौनी में मेरा नाम नहीं है। बेटे ने जमीन भी बेच दी है।
यह कहना था बेलीपार इलाके के सोकनहा गांव की विधवा विद्यावती देवी का, जिन्होंने मंगलवार की सुबह जनता दर्शन में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई। उनकी बातों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि वह तहसील प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते लगाते थक गई हैं। वरासत में नाम दर्ज कराने के लिए तहसील में प्रार्थना पत्र दी हैं, पर अब तक नाम अभिलेखों में दर्ज नहीं किया गया।
बताया कि उनके पति का निधन बहुत पहले हो गया। 15 डिस्मिल जमीन थी। आरोप है कि विद्यावती के हिस्से की जमीन लेखपाल द्वारा उनके पुत्र के नाम दर्ज कर दिया गया। पुत्र से वह जमीन किसी और ने बैनामा भी करा लिया। रजिस्ट्री की गई जमीन के खारिज दाखिल रोकने के लिए उन्होंने तहसीलदार बांसगांव के न्यायालय में अपने जिंदा होने का साक्ष्य भी दिखाया। लेकिन, तहसीलदार बांसगांव द्वारा लेखपालों कानूगो की रिपोर्ट को सही मानते हुए मेरे ही खिलाफ आदेश जारी कर दिया गया।
-
कोट
मामले की जांच कराई जाएगी। अगर महिला की शिकायत सही मिली तो जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। : कृष्णा करूणेश, डीएम
मुख्यमंत्री बचत
इलाज में पैसे की तंगी नहीं होने देंगे
मंगलवार को महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 500 लोगों से मुलाकात की। जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि पैसे की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि संबंधित मरीज के इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया को पूर्ण कर इसे जल्द से जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही इलाज के लिए धन अवमुक्त हो जाएगा। जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाओं संग पहुंचे उनके बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार-दुलार और आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया।
बच्ची का कराया अन्नप्राशन
मंगलवार की सुबह जनता दर्शन में एक ऐसे दंपति भी पहुंचे थे जो किसी समस्या के निस्तारण की गुहार लेकर नहीं आए थे, बल्कि उनकी इच्छा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों अपनी सात माह की बिटिया का अन्नप्राशन कराने की थी। सीएम ने उनकी ख्वाहिश पूरी करते हुए बच्ची को गोद में लेकर खीर खिलाई। उन्होंने बच्ची को खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया।