ट्रेन में बैठे लोग मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला।
होली के बाद मुंबई और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ नहीं है। इसकी प्रमुख वजह दोनों महानगरों में कोरोना का बढ़ता संक्रमण है। दूसरा कारण प्रदेश में होने वाला पंचायत चुनाव है। ग्राम प्रधान का चुनाव नजदीक है। इन दोनों वजहों से वापसी का टिकट लोग निरस्त करा रहे हैं। आरक्षण केंद्र और ऑनलाइन मिलाकर रोजाना 100 से ज्यादा टिकट रद्द कराए जा रहे हैं।
तीन महीने पहले मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट, दादर और पुणे स्पेशल ट्रेनों में 200 से अधिक वेटिंग होती थी, लेकिन इन दिनों ज्यादातर ट्रेनों में आरएसी टिकट उपलब्ध है। वेटिंग भी 20 से 30 चल रही है। वैशाली, गोरखधाम, सप्तक्रांति और हमसफर स्पेशल में भी बहुत सारे यात्री टिकट कैंसल करा रहे हैं। मंगलवार को गोरखपुर से रवाना हुई इन ट्रेनों में भीड़ काफी कम रही। स्टेशन पर भी अधिक यात्री दिखाई नहीं दिए।
ट्रेनों में बिना मास्क सफर कर रहे यात्री
वहीं, ट्रेनों में सफर कर रहे अधिकतर यात्री कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी कर रहे हैं। ज्यादातर यात्री मास्क नहीं लगा रहे हैं। मंगलवार को आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस में अधिकतर यात्री मास्क नहीं लगाए थे। टोकने पर जेब से मास्क निकालकर दिखा दिया।
मुंबई का टिकट रद्द कराया
मुंबई में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साल जैसा माहौल बन रहा है। बेटी के स्कूल की छुट्टी थी तो होली में घर आ गए। अभी जाना ठीक नहीं है। कहीं लॉकडाउन लग गया तो मुश्किल हो जाएगी। यही सोचकर टिकट रद्द करा दिया। - सुनील जायसवाल, राप्तीनगर
कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, बाद में जाएंगे
दिल्ली में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। होली के बाद जाना था, लेकिन अब बाद में जाऊंगा। कहीं कोरोना के चलते लॉकडाउन लगा तो परेशानी बढ़ जाएगी। दो अप्रैल तो गोरखधाम एक्सप्रेस के एसी का टिकट था, उसे निरस्त कराया हूं। - शैलेश पांडेय, बक्शीपुर
एक अप्रैल को मुंबई जाने वाली ट्रेन की स्थिति (वेटिंग में)
ट्रेन एसी 3 स्लीपर
कुशीनगर एक्सप्रेस 06 12
एलटीटी सुपरफास्ट आरएसी 21 09
गोदान स्पेशल 14 16
गोरखपुर-पनवेल स्पेशल आरएसी 22 24
एलटीटी पूजा स्पेशल आरएसी 06 06
बांद्रा हमसफर में सीटें उपलब्ध
गोरखपुर होकर बांद्रा जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस (09092) में सीटें खाली हैं। सप्ताह में एक दिन जाने वाली इस ट्रेन में छह अप्रैल को थर्ड एसी में 400 से ज्यादा सीटें खाली हैं।