गोरखपुर जिले के 18 वर्ष से ऊपर 28 लाख से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसके लिए शहर के चार निजी अस्पतालों में बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर लोग शुल्क देकर बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। क्योंकि, अब तक शासन ने सरकारी बूथों पर 18 वर्ष से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लगाने के निर्देश नहीं दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर के अपोलो क्लीनिक, फातिमा हॉस्पिटल, शाही ग्लोबल हॉस्पिटल और लाइफ केयर हॉस्पिटल में बूथ बनाकर टीका लगाया जा रहा है। इन बूथों पर लोग शुल्क देकर टीका लगवा रहे हैं। लेकिन, अब तक इन्हें बूस्टर डोज लगवाने की अनुमति नहीं थी। लेकिन, नए निर्देश के बाद अब निजी अस्पताल में बने बूथों पर बूस्टर डोज भी लगाई जाएगी। इसकी शुरुआत 10 अप्रैल से होगी।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि निजी अस्पतालों में जो बूथ बनाए जा रहे हैं, वहां पर अब लोग बूस्टर डोज भी लगवा सकते हैं। सरकारी बूथों पर केवल 60 वर्ष से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। बताया कि सरकारी अस्पतालों को लेकर अब तक कोई दिशा निर्देश शासन ने नहीं दिए है।
नौ माह बाद ही लगवा सकेंगे बूस्टर डोज
सीमएओ ने बताया कि जिन लोगों का दूसरी डोज जल्द लगी होगी, वह बूस्टर डोज नहीं लगवा सकेंगे। बूस्टर डोज लगवाने के लिए कम से कम नौ माह का अंतराल होना जरूरी है। इससे पूर्व कोई भी बूस्टर डोज न लगवाएं।