- पिछले सप्ताह कार्मिक अधिकारी का भी कर दिया था तबादला
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एनपीएस अंशदान बदलने के मामले में रेलवे प्रशासन ने बुधवार को यांत्रिक कारखाना के वरिष्ठ लेखाधिकारी संजय मिश्रा को भी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। कार्मिक विभाग में तैनात राजेंद्र कुमार को सेल रिपेयरिंग शाप में वापस भेजा गया है। एक क्लर्क को भी स्थानांतरित करने की तैयारी है। पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक कारखाना के करीब दो हजार नए कर्मचारियों का पेंशन अंशदान एक निजी बैंक में ट्रांसफर हो गया है।
कर्मचारी संघ की शिकायत पर मामले की जांच विजलेंस कर रही है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि बुधवार को संजय मिश्रा की जगह सुधीर श्रीवास्तव को यांत्रिक कारखाना में वरिष्ठ लेखाधिकारी के पद पर तैनात किया गया। रेल प्रशासन ने इसी मामले में पिछले सप्ताह यांत्रिक कारखाना के कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता को मुख्यालय गोरखपुर से संबद्ध करते हुए उनकी जगह रवि मिश्रा को तैनात किया गया। इस प्रकरण में लेखा और कार्मिक विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी नप सकते हैं।