गोरखपुर। ठंड बढ़ते ही लोगों में गले से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में रोजाना गले में खिच-खिच, चुभन, सूजन और खराश की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। ठंड के कारण वायरल संक्रमण की समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है।
जिला अस्पताल में इन दिनों बच्चों और युवाओं में टॉसिंल की समस्या अधिक पाई जा रही है। प्रतिदिन 7 से 8 मरीज गले की गंभीर समस्या के साथ इलाज कराने आ रहे हैं। गले में दर्द के कारण मरीजों को खाने-पीने में भी काफी दिक्कत हो रही है।
जिला अस्पताल के नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके मौर्य ने बताया कि ठंड बढ़ने पर वायरल इंफेक्शन सक्रिय हो जाता है जिससे टॉसिंल की समस्या बढ़ती है। रोजाना लगभग 100 मरीज ईएनटी विभाग में आते हैं। इनमें 15 से 20 मरीज टॉसिंल, गले में सूजन से पीड़ित रहते हैं। दवा से यह समस्या पांच से सात दिन में ठीक हो जाती है।
ईएनटी विभाग में पीपीगंज की रहने वाली विमला ने बताया कि उन्हें गले में चुभन और दर्द हो रहा था। डॉक्टर ने दवा के साथ गुनगुना पानी पीने, मुंह की साफ-सफाई रखने और ठंडी चीजों से परहेज की सलाह दी है।