मरीज कुंवर शंकर पांडेय के भाई जयशंकर पांडेय ने गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाया है। जयशंकर पांडेय का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती उनके भाई कुंवर शंकर को मना करने के बावजूद न केवल एक्सपायर ब्लड चढ़ाया गया, बल्कि चिकित्सकों ने उनके साथ मारपीट भी की। गलत खून चढ़ाने से उनके भाई की मौत हो गई। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत गुलरिहा थाना पुलिस से की है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के जाल्हेपार गांव निवासी जयशंकर पांडेय ने बताया है कि उनके भाई कुंवर शंकर पांडेय का 15 दिन पहले ट्रेन दुर्घटना में एक पैर कट गया था। इसके बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोप है कि ड्रेसिंग के नाम पर हर दिन 500 रुपये और ऑपरेशन के लिए 20 हजार रुपये वसूले गए।
शुक्रवार को भाई को एक्सपायर ब्लड चढ़ाया जा रहा था, तो इसका विरोध किया गया। इस पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सपायर ब्लड और गलत दवाओं की वजह से उनके भाई की मौत हो गई।
मौत की सूचना पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात परिजनों को समझाते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया। शनिवार को पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम किया गया। गुलरिहा थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।