शहर में बिक रहे पतंजलि ब्रांड के रिफाइंड आयल के नमूने परीक्षण में मानक पर खरे नहीं उतरे हैं। रिफाइंड आयल का नमूना अप्रैल में वाराणसी रोड स्थित एक स्टोर से लिया गया था।
खाद्य सुरक्षा विभाग कंपनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगेगा। जवाब मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। बीते 29 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वाराणसी रोड स्थित पतंजलि के एक स्टोर और उसके गोदाम पर छापा मारा था।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में काफी गंदगी पाई गई और बड़ी मात्रा में रिफाइंड आयल मिला। टीम ने मौके से लगभग 1250 लीटर रिफाइंड आयल जब्त किया। गोदाम संचालक ने बताया कि आयल के बैग और डिब्बों के क्षतिग्रस्त होने पर उनमें भरा तेल ड्रमों में डालकर वापस लखनऊ डिपो भेजा जाता है।
हालांकि, स्टोर संचालक इस प्रक्रिया से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। विभाग ने इसे नियम विरुद्ध मानते हुए जांच के लिए सैंपल भेजे थे।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि नमूनों की रिपोर्ट मिली है। कंपनी के पदार्थ मानक पर खरे नहीं उतरे हैं। अब संबंधित कंपनी को नोटिस भेजकर उनका पक्ष लिया जाएगा। अगर कंपनी चाहेगी तो नमूनों को दोबारा जांच के लिए भेजा जा सकता है। अगर कोई भी कंपनी या व्यापारी खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।