वीडियो वायरल होने पर आरपीएफ ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 5-6 पर बुधवार रात एक युवक बाइक से पहुंच गया। करीब 10 मिनट बाद वह बाइक पर एक युवती को बैठाकर चला गया। इसकी वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। मामले की जानकारी होने पर आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
मामला रात करीब नौ बजे की है। प्लेटफार्म छह पर अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के आने के कुछ देर बाद ही पश्चिमी फुट ओवरब्रिज के पास से एक बाइक लेकर युवक प्लेटफार्म पर आ गया। बताया जा रहा है कि युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ की ओर से बाइक लेकर आया था। करीब 10 मिनट तक उसकी बाइक प्लेटफार्म पर रही लेकिन उसे किसी ने रोका तक नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफार्म पर पश्चिमी पुल से उतरने वाली सीढ़ी के पास अपनी बाइक खड़ी कर युवक ट्रेन के कोच में चला गया। वह किसी युवती को रिसीव करने आया था। कुछ देर बाद युवती को लेकर आया और बाइक पर बैठकर दोनों जिस रास्ते आए थे उसी से वापस चले गए।
मामले की जानकारी होने पर आरपीएफ जांच कर रही है। इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने बताया कि वीडियो क्लिप से बाइक का नंबर पता नहीं चल पा रहा है। सभी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है ताकि बाइक सवार का पता लगाया जा सके। बाइक का नंबर मिलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।