गोरखपुर। शहर के सभी वार्डों में पार्कों की सूरत अब बदलने जा रही है। नगर निगम ने पार्कों के सुंदरीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सभी वार्डों से प्रस्ताव मांगने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत पार्षद अपने-अपने वार्ड के पार्कों के सुधार से जुड़े प्रस्ताव निगम को भेज रहे हैं। अभी तक 34 पार्कों के लिए पार्षदों ने लगभग आठ लाख रुपये के प्रस्ताव भेजे हैं।
नगर निगम की ओर से सभी पार्षदों से कम से कम एक वार्ड के कायाकल्प के लिए लगभग 12-12 लाख के प्रस्ताव मांगे गए हैं। इनमें पार्कों में हरियाली बढ़ाने, बच्चों के खेलने के उपकरण लगाने, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग, पाथवे और साफ-सफाई जैसीं सुविधाओं को बेहतर बनाने के सुझाव शामिल हैं।
नगर निगम की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, अभी कई वार्डों से प्रस्ताव आने बाकी हैं। सभी प्रस्ताव मिलने और उनकी समीक्षा होने के बाद पार्कों के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पार्कों का सुंदरीकरण शुरू होगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार, नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है ताकि लोग सुबह-शाम टहलने, व्यायाम और बच्चों के साथ समय बिताने के लिए स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण पा सकें।