घंटाघर और सराफा बाजार के व्यापारियों को जल्द ही पार्किंग की समस्या से राहत मिलने वाली है। बंधू सिंह पार्क की पार्किंग एक सप्ताह के भीतर शुरू करने की तैयारी नगर निगम कर रहा है। पार्किंग शुरू होने से बाजार आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
घंटाघर और सराफा बाजार के व्यापारी लंबे समय से पार्किंग व्यवस्था शुरू कराने की मांग कर रहे थे। पार्किंग नहीं होने के कारण ग्राहकों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती थी, जिसका असर कारोबार पर भी पड़ रहा था। अब पार्किंग शुरू होने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने और व्यापार में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
सराफा मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा व महामंत्री हरिद्वार वर्मा ने कहा कि पार्किंग शुरू होने से व्यापारियों का कारोबार बढ़ेगा और ग्राहकों को भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए व्यापारी लगातार प्रयास कर रहे थे।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे यातायात और पार्किंग व्यवस्था भी बेहतर होगी।