फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 100 विधायक के ऑफर मामले में पंकज चौधरी का पलटवार, कहा- सपा हताश है, खुद सरकार बनाने की स्थिति में नहीं

Mon, 23 Feb 2026 09:11 PM IST
राहुल तिवारी अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के 100 विधायक वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा हताशा में ऐसे बयान दे रही है। उन्होंने भाजपा में किसी तरह के मतभेद से इनकार किया।
 
विज्ञापन
पंकज चौधरी और अखिलेश यादव (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उपमुख्यमंत्री को 100 विधायक लाकर मुख्यमंत्री बनाने संबंधी दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। पंकज चौधरी ने कहा कि यह बयान विपक्ष की हताशा और निराशा को दर्शाता है। ऑफर देने के बयान से स्पष्ट है कि सपा अब खुद के दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। जहां तक भाजपा में अंतर्द्वंद्व का सवाल है, तो यह साफ कर देना चाहता हूं कि कोई मतभेद नहीं है। अगर कहीं कोई बात आती है तो उसे ठीक कर लेंगे।

सोमवार शाम हाल्सीगंज, घंटाघर स्थित अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है। हम सबको साथ लेकर चलते हैं, जबकि सपा जाति और धर्म की राजनीति करती है। जनता इसे समझ चुकी है। जनता ने इसी कारण सपा के जंगलराज को तिलांजलि दे दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, जहां लगातार जनाधार घट रहा है और संगठन कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन, संगठन और नेतृत्व की स्पष्ट व्यवस्था है, जबकि सपा में केवल परिवारवाद और अंतर्कलह दिखाई देती है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने पूर्ण बहुमत देकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जनसेवा के लिए चुना है। भाजपा सरकार विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के अगंभीर और राजनीतिक रूप से अपरिपक्व बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया को यह समझना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को ही स्वीकार करती है। भाजपा सरकार के कार्यों से प्रदेश में निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं, जिससे विपक्ष की जमीन खिसक चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के नेता ऐसे बयान देने के बजाय जनता के मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें