- डायल-112 का निलंबित सिपाही निकला अपहरण का आरोपी, फरवरी में लूट व छेड़छाड़ के आरोप में हो चुका है गिरफ्तार
- रेलवे स्टेशन से महिला को थाने ले जाने के बहाने ले गया था, सीसीटीवी से पकड़ा गया था आरोपी
गोरखपुर। सराफा कारोबारी के बेटे वैभव के अपहरण के बाद हत्या की घटना के दो दिन बाद ही मंगलवार देर रात 10 वर्षीय किशोरी के अपहरण की सूचना से हड़कंप मचा गया है। लगातार अपहरण की घटना से लोगों में आक्रोश है। किशोरी के अपहरण का आरोपी डायल-112 का निलंबित सिपाही अभिषेक यादव हिरासत में है।
निलंबित सिपाही अभिषेक यादव पहले भी गंभीर आपराधिक आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है। फरवरी 2025 में उसने खाकी की हनक दिखाकर एक दंपती को निशाना बनाया था। घटना तीन फरवरी 2025 की रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 की है। आरोपी ने युवक पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे गोरखनाथ थाने के गेट पर उतार दिया, जबकि महिला को महिला थाने ले जाने का झांसा देकर स्पोर्ट्स कॉलेज के पास ले गया। वहां उसने लूटपाट, मारपीट और छेड़छाड़ का प्रयास किया था।
घटना के बाद गोरखनाथ थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। अब उसी निलंबित सिपाही का नाम 10 वर्षीय किशोरी के अपहरण में सामने आया है।
-
पहले भी कई बार लग चुका है खाकी पर दाग
3 फरवरी 2025: गोरखपुर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को अगवा कर लूटपाट और अभद्रता करने के मामले में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अभिषेक यादव को आरोपी बनाया गया था, जिसे तुरंत निलंबित कर गिरफ्तार कर लिया गया था। कब की घटना है
09 अगस्त 2025 : नौसड़ चौकी इंचार्ज शुभम श्रीवास्तव पर राजस्थान से आए एक व्यापारी से अपहरण और 90 हजार रुपये की लूटपाट का गंभीर आरोप लगा था।
06 फरवरी 2024 : खोराबार थाने के रामनगर कडज़हां के पूर्व चौकी प्रभारी समेत चार पर भ्रष्टाचार केस दर्ज हुआ।युवक से 10 हजार रुपये मांग रहे थे।
17 जनवरी 2024: पीपीगंज थाने में तैनात दारोगा अमित कुमार सिंह और सिपाही अमित यादव को एसएसपी ने निलंबित किया।आरोप था की तस्कर को छोड़ने के लिए रुपये लिए थे।
22 नवंबर 2024 : पिपराइच थाने में तैनात प्रशिक्षु महिला दारोगा अंकिता पांडेय 10 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार
01 अप्रैल 2024 : बेनीगंज चौकी प्रभारी आलोक सिंह ने व्यापारी के 50 लाख रुपये हड़पे। पुलिस ने साथी संग गिरफ्तार कर जेल भेजा।
11 अक्तूबर,2023 : शाहपुर पुलिस ने सम्मन सेल में तैनात दारोगा रविंद्र शुक्ल व उसके साथी कुलवीर को 33 किलो गांजा के साथ पकड़ा।
27 सितंबर, 2021 : रामगढ़ताल क्षेत्र में कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की पुलिसकर्मियों की पिटाई से मृत्यु हुई। थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी जेल गए।
21 जनवरी, 2021 : महराजगंज के रहने वाले स्वर्ण व्यापारी का अपहरण कर 30 लाख रुपये का सोना लूटा गया। बस्ती जिले में तैनात दारोगा धर्मेंद्र यादव, सिपाही महेंद्र यादव व संतोष यादव को गिरफ्तार कर कैंट पुलिस ने जेल भेजा।
25 दिसंबर, 2020 : गोला थाने में तैनात दारोगा पर मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी करने व नाम हटाने के लिए रुपये मांगने का आरोप लगा। जांच में आरोप सही मिलने पर एसएसपी ने मुकदमा दर्ज कराया।
25 दिसंबर, 2020 : चौरी चौरा थाना पुलिस ने देवरिया के सलेमपुर थाने में तैनात सिपाही को पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा।
22 मई, 2019 : वरिष्ठ मानसिक रोग विशेषज्ञ डा. रामशरण श्रीवास्तव से रंगदारी वसूलने में राजघाट थाना पुलिस ने दारोगा व उसके साथी को जेल भेजा।
18 दिसंबर 2017: उरुवा थाने में तैनात दो दारोगा को अपहरण कर फिरौती वसूलने के आरोप में कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।