गोरखपुर। 12 ब्लॉकों के पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले पंचायत सहायकों ने बृहस्पतिवार को विकास भवन के समक्ष प्रदर्शन किया। वह अपना मानदेय छह हजार से बढ़ाकर 30 हजार किए जाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने डीपीआरओ को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि मांगें न माने जाने पर वह आंदोलन को बाध्य हाेंगे।
पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष आकाश कुमार ने निदेशक पंचायतीराज को संबोधित ज्ञापन में कहा है कि पंचायत सहायक हर विभाग का कार्य करते हैं। जहां उनकी ड्यूटी लगाई जाती है वह लोग पूरी निष्ठा व इमानदारी से कार्य करते हैं लेकिन उनका मानदेय मनरेगा के मजदूरों से भी कम है। सरकार की ओर से 16 हजार न्यूनतम मजदूरी निर्धारित की गई है लेकिन उन लोगों को मात्र छह हजार रुपये दिया जाता है। ज्ञापन में पंचायत सहायकों के लिए कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने, अलग से पंचायत सहायक पोर्टल विकसित किए जाने व पंचायत सहायकों के लिए स्थायी व स्पष्ट सेवा प्रणाली लागू किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर राहुल पाठक, संदीप सिंह, कंचन मौर्या, अमन ओझा, सत्येंद्र, बलजीत, राजाराम, उपेंद्र, श्वेता तिवारी व प्रतिभा आदि मौजूद रहीं।