पीएसी परिसर में है सब पोस्ट ऑफिस, बिजली कटने से डंप हो गए 300 पत्र, पार्सल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिछिया स्थित 26वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित सब पोस्ट ऑफिस की बिजली शुक्रवार को काट दी गई। किराये के विवाद में पीएसी ने पोस्ट ऑफिस की बिजली कटवा दी। इस कारण 300 पत्र, पार्सल डंप हो गए हैं, जबकि बैंकिंग संबंधी कार्य भी प्रभावित हुए।
पीएसी परिसर के पोस्ट ऑफिस के माध्यम से पीएसी परिसर व बिछिया के साथ जंगल शालिग्राम, तुलसीराम, लक्ष्मीपुर व जंगल धूसड़ में भी सेवाएं दी जाती हैं। पहले दिन यूपीएस के माध्यम से पत्रों का आदान प्रदान किया गया है, जबकि शनिवार को 300 पत्र, पार्सल डंप हो गए। हालांकि, दोपहर में पोस्ट ऑफिस में जेनरेटर के सहारे काम शुरू किया गया।
पोस्ट ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार पीएसी परिसर के भवन में 1983 में सब पोस्ट ऑफिस बनाया गया था। उस दौर में पीएसी की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 200 रुपये मासिक खर्च देने की शर्त पर पोस्ट ऑफिस खोला गया था।
पीएसी ने 2019 में किराया बढ़ाने की बात की, लेकिन विभागीय प्रक्रिया के चलते किराया नहीं बढ़ा तो पीएसी ने किराया जमा करना बंद कर दिया। पीएसी ने सर्किल रेट के अनुसार किराये की मांग की है, जबकि पोस्ट ऑफिस ने किराया बढ़ाने के रिकॉर्ड मांगे हैं, जिसे पीएसी ने जमा नहीं किया है। बिजली कटने के बाद दोनों विभागों में नियम कानून की बातें हो रही हैं।
इस मामले में पीएसी के कमांडेंट आनंद कुमार का कहना है कि पोस्ट ऑफिस ने 54 माह से किराया नहीं दिया है, जबकि पीएसी की बिजली भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मामले में पत्राचार किया गया है। पोस्ट ऑफिस की ओर से किराया देने की पहल नहीं की गई।
कोट-
सब पोस्ट ऑफिस, पीएसी बिछिया में जेनरेटर के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। पीएसी के अधिकारियों से बात की जा रही है। पीएसी दस्तावेज जमा करने में सहयोग करें तो किराया बढ़ा दिया जाएगा।
- वीके पांडेय, एसएसपी, पोस्ट ऑफिस