गंगेश की भाभी ने लगाए आरोप, बोलीं-पति की हत्या में थे मुख्य गवाह
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दक्षिणी बेतियाहाता फलमंडी निवासी गंगेश दत्त पांडेय उर्फ गगन की 11 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार वाले आरोपियों पर एफआईआर की मांग कर रहे हैं। शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर गंगेश की भाभी ने पति की हत्या के आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गंगेश मेरे पति की हत्या में मुख्य गवाह थे, इसलिए षड्यंत्र के तहत उन्हें रास्ते से हटाया गया।
उन्होंने बताया कि मेरे देवर गंगेश को डर था कि उनकी हत्या हो सकती है, इसलिए लाइसेंसी असलहे के लिए भी आवेदन किया था। 11 मई को दो अधिवक्ता गंगेश को खोवा मंडी स्थित कार्यालय बुलाए थे।
गणेश चौक पर बाइक से गिरे गंगेश
बीते शनिवार को दोपहर 12 बजे के करीब गंगेश दत्त पांडेय उर्फ गगन अपने दो पहिया वाहन से जाते समय गणेश चौक पर लड़खड़ा कर गिर गए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
सुरक्षित किया विसरा
परिवार की मांग के बाद शव के पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न हो पाने के कारण डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है।
वर्ष 2017 में हुई थी योगेश की हत्या
बता दें कि फलमंडी के पास रहने वाले योगेश दत्त पांडेय की हत्या 2017 में हुई थी। इस मामले में परिजनों ने सेवानिवृत्त प्रोफेसर, उनके स्कूल संचालक बेटे समेत चार लोगों पर केस दर्ज कराया था। योगेश के छोटे भाई गंगेश दत्त पांडेय इस केस में मुख्य गवाह थे।