गोरखपुर। 26वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रही महिला रिक्रूट्स के लिए 10 किलोमीटर क्रास कंट्री रेस आयोजित की गई। रेस की शुरुआत सेनानायक निहारिका शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर की। रेस नौकायन से शुरू होकर पैडलेगंज होते हुए मोहद्दीपुर में समाप्त हुई। महिला रिक्रूट्स ने अनुशासन और जोश के साथ पूरी दूरी पूरी की। समापन समारोह में सेनानायक ने कहा कि क्राॅस कंट्री रेस सामान्य दौड़ से अधिक कठिन होती है, क्योंकि यह न केवल शारीरिक क्षमता बल्कि मानसिक सहनशक्ति और आत्मविश्वास की भी परीक्षा लेती है। असमतल रास्ते, लंबी दूरी और निरंतर गति बनाए रखना पुलिस सेवा में आवश्यक क्षमता को मजबूत करता है। रेस में उप-सेनानायक और सहायक सेनानायक भी शामिल हुए। इस आयोजन का उद्देश्य महिला रिक्रूट्स में दृढ़ता, साहस और टीम भावना को बढ़ावा देना है।