किताब पर लगे क्यूआर कोड फर्जी होने का आरोप, एसएसपी से शिकायत
स्वर्ण व्यापारी ने दिया प्रार्थनापत्र, कहा, कृत्रिम महंगाई से बढ़ीं मुकिश्ल, हो कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पीपीगंज के एक किताब की दुकान पर ओवर प्रिंट कर अधिक रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्यूआर कोड भी फर्जी दर्शाया जा रहा है। पीड़ित अभिभावक ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अभिभावक का कहना है कि कृत्रिक महंगाई से बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो गया है। उधर, पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई अधिकारी ने प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पचवारा खास गांव निवासी सुनील जायसवाल ने पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया है। उनका कहना है कि दो बच्चे सुधांश जायसवाल व श्रेयांश जायसवाल गोलीगंज, पीपीगंज में कक्षा पांच व कक्षा एक में पढ़ते हैं। परिवार के अन्य बच्चे भी उसी स्कूल में पढ़ते हैं। सात जुलाई 2023 की सुबह बच्चों के लिए पुस्तक खरीदने के लिए एक बुक डिपो, पीपीगंज पर गए थे। दो पुस्तकें दुकान से खरीदीं। बुक डिपो के मालिक ने बिल दिया, जिसमें 680 रुपये दोनों पुस्तकों का मूल्य दर्शाया गया था।
उन्होंने बताया कि बिल का भुगतान यूपीआई से किया । उसी दिन करीब तीन बजे खरीदी गई पुस्तकों को देख रहे थे तो दोनों पुस्तकों के मूल्य पर नजर पड़ी। गौर से देखने पर पता चला एक पुस्तक का वास्तविक 166 रुपये है, लेकिन कूटरचना पूर्वक 300 रुपये किया गया है। दूसरी पुस्तक का वास्तविक मूल्य 300 रुपये है, लेकिन उसकी कीमत 380 रुपये कर दी गई है। बिल पर जीएसटी का स्पष्ट विवरण नहीं है। दोनों पुस्तकों पर दिए गए क्यूआर कोड को जब स्कैन किया गया तो वह भी फर्जी निकला।