गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की ओर से आयोजित प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती परीक्षा रविवार को संपन्न हो गई। प्रशासन का दावा है कि किसी भी केंद्र से कोई शिकायत नहीं मिली। दोनों दिन की परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। दूसरे दिन 49.80 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित व 50.20 प्रतिशन अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक 15 केंद्रों पर नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा हुई। इसमें 6945 अभ्यर्थी पंंजीकृत थे, जिनमें 3169 उपस्थित व 3776 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक 25 केंद्रों पर रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी व कला विषय की परीक्षा हुई। इसमें 11,257 पंजीकृत थे, जिनमें 5895 उपस्थित व 5362 अनुपस्थित रहे।
इस तरह दूसरे दिन की परीक्षा के लिए कुल 18,202 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9064 उपस्थित व 9138 अनुपस्थित रहे। पहले दिन करीब 60 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। परीक्षा में आयोग ने विषय के प्रति अभ्यर्थियों की समझ को बारीकी से परखा। कई सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब छकाया।