आजादी का अमृत महोत्सव एवं चौरीचौरा शताब्दी वर्ष के अंतर्गत पांच दिवसीय रंगोत्सव कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हो रहा है। भारतेंदु नाट्य अकादमी एवं जिला प्रशासन की ओर से योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में महाभारत में दुर्योधन का किरदार निभाने वाले कलाकार पुनीत इस्सर, मनोज जोशी सहित देशभर के बड़े कलाकार प्रस्तुति देंगे।
भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रविशंकर खरे ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर एक बजे से रात नौ बजे के बीच आयोजित होंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के 10 प्रतिष्ठित नाट्य निर्देशकों द्वारा निर्देशित नाटकों का मंचन होगा। इसमें पुनीत इस्सर द्वारा निर्देशित नाटक ‘महाभारत’, संजय उपाध्याय द्वारा निर्देशित ‘कंपनी उस्ताद’, मनोज जोशी द्वारा निर्देशित ‘चाणक्य’, भारती शर्मा द्वारा निर्देशित ‘खूब लड़ी मर्दानी कुंवर श्यामेंद्र सिंह द्वारा निर्देशित ‘बापू अभी जिंदा है’, रामजी बाली द्वारा निर्देशित ‘चौरी-चौरा संग्राम, मानवेंद्र त्रिपाठी व रविन्द्र रंगधर द्वारा निर्देशित ‘क्रांतिवीर आजाद’, अभिषेक पंडित द्वारा निर्देशित ‘बोधू अहीर’ एवं पद्मश्री मालिनी अवस्थी द्वारा निर्देशित ‘मुक्तिगाथा’ का मंचन होगा।
फरूआही, गोडऊ, इंद्रासनी व पंवरिया की प्रस्तुति भी होगी
रविशंकर खरे ने बताया कि कार्यक्रम में छेदी लाल एवं समूह द्वारा ‘फरूआही’, राममूरत एवं समूह द्वारा ‘गोडऊ’, बालकिशन एवं समूह द्वारा ‘इंद्रासनी’ व पंवरिया की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही लोक गायक राकेश श्रीवास्तव एवं समूह द्वारा ‘कजरी गायन’ रामदरस एवं समूह द्वारा ‘पूर्वांचल के लोकगीत’, पिंटू प्रीतम-शिप्रा दयाल एवं समूह द्वारा ‘संस्कार गीत’ रंगोत्सव के पांच दिनों तक प्रस्तुत किए जाएंगे।
सात जगहों पर होंगे 75 नुक्कड़ नाटक
पांच दिवसीय रंगोत्सव के अंतर्गत महानगर के सात स्थानों पर 75 नुक्कड़ नाटक का मंचन कलाकारों द्वारा किए जाएंगे। नुक्कड़ नाट्य का मंचन अजीत सिंह एवं समूह, आसिफ जहीर एवं समूह, आकांक्षा एवं समूह और रविंद्र रंगधर एवं समूह द्वारा किया जाएगा।