संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की ओर से रविवार को नौका विहार से पांच किमी के मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डीन एकेडमिक डॉ. एचएस जोशी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, रीजनल स्टेडियम व पूर्वोत्तर रेलवे के एथलीट ने भाग लिया।
अंत में मुख्य अतिथि ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि पर्यावरण से हमें ऑक्सीजन मिलती है जिसका महत्व हम कोविड काल में देख चुके हैं। कहा कि संस्था का यह प्रयास सराहनीय है।
मैराथन की आयोजक हार्टफुलनेस संस्था की प्रभारी वंदना सिंह ने बताया कि यह दौड़ पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए देश के सभी प्रमुख शहरों में हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित की जा रही है।
बताया कि यह संस्था 160 देशों में निशुल्क ध्यान व अन्य कार्यक्रम आयोजित करती है। इस दौरान राजेश गुप्ता, संदीप, अशोक कुमार, प्रभात यादव, एके सिंह आदि मौजूद रहे।